जालबसर में आयोजित शिविर के दौरान स्कूल, पानी और बिजली से जुड़ी 3 बड़ी समस्याएं आईं सामने
NEXT 31 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तालुका विधिक सेवा समिति के “न्याय आपके द्वार” अभियान के तहत शनिवार को ग्राम जालबसर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर का असर मौके पर ही देखने को मिला। शिविर के दौरान ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं सामने रखीं, जिनमें तीन प्रमुख जनसमस्याओं की शिकायतें दर्ज की गईं।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जालबसर में आयोजित शिविर में समिति सदस्य बलराम बेनीवाल ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा समिति की कार्यप्रणाली और अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आम नागरिक अपनी समस्याओं को विधिक माध्यम से उचित मंच तक पहुंचा सकते हैं।
बच्चों के सवालों पर मिले सरल कानूनी समाधान
शिविर में एडवोकेट राजू राम लुखा ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों द्वारा पूछे गए कानूनी सवालों के सहज और व्यावहारिक उत्तर दिए। कार्यक्रम के दौरान स्कूल स्टाफ ने व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग किया।
शिविर के दौरान सामने आईं ये प्रमुख समस्याएं
1. सरकारी स्कूल में शिक्षकों की कमी
विद्यालय प्रशासन व ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में 382 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन गणित, राजनीति विज्ञान और इतिहास विषयों के व्याख्याता पद रिक्त हैं। साथ ही कक्षा कक्षों की भी भारी कमी है।
2. वार्ड नं. 01 में पेयजल संकट
वार्डवासियों ने बताया कि पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे उन्हें मजबूरी में टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
3. निजी विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की समस्या
सरकारी स्कूल में आयोजित शिविर से प्रेरित होकर टी.एम. मेमोरियल स्कूल के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने भी अपने विद्यालय में बिजली व पानी से जुड़ी समस्याएं रखीं।
स्थायी लोक अदालत से समाधान का भरोसा
तालुका विधिक सेवा समिति ने सभी शिकायतों को दर्ज कर स्थायी लोक अदालत के माध्यम से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
















