NEXT 5 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पूनरासर गांव की रोही क्षेत्र में बुधवार देर रात वन्यजीव हमले की घटना सामने आई। अज्ञात वन्यजीव द्वारा बकरियों पर किए गए हमले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह और क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चंद्र वर्मा रेंज स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर मिले पगमार्क का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया। जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि हमला जंगली सियार (गीदड़) द्वारा किया गया था।
जानकारी के अनुसार शंकरनाथ पुत्र भोमनाथ अपने खेत पर ढाणी बनाकर कृषि व पशुपालन करता है। ढाणी में बंधी बकरियों पर सियार ने हमला कर एक बकरी के बच्चे को उठा ले गया। जांच में किसी अन्य बड़े या हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित किसान को राज्य सरकार के नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही क्षेत्र में वन विभाग की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखें, खुले में न छोड़ें और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

















