NEXT 16 मई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र के रघुराज सिंह बिश्नोई ने विदेश में भारत का परचम लहराते हुए वर्ल्ड ताइक्वांडो कैडेट चैंपियनशिप 2025 में 45 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीत लिया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के खिलाड़ी शामिल हुए थे, जहां रघुराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और जिले का नाम रोशन किया।

रघुराज के श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिचितों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने उनका मालाएं पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। स्थानीय युवाओं में इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

परिजनों ने बताया कि रघुराज बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित रहा है और उसने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। खेल प्रशिक्षकों ने भी रघुराज की उपलब्धि को बीकानेर जिले के लिए गौरव की बात बताया।
क्या है ताइक्वांडो कैडेट चैंपियनशिप?
यह प्रतियोगिता विश्व स्तर पर आयोजित की जाती है, जिसमें 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेते हैं। इसमें चयनित होना ही बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, और रघुराज ने इसमें पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है।
अब अगला लक्ष्य गोल्ड मेडल
रघुराज ने NEXT से बातचीत में बताया कि उनका अगला लक्ष्य इसी प्रतियोगिता के आगामी संस्करण में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने का आह्वान किया।