NEXT 7 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल मंगलवार को भरतपुर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान वे पथैना गांव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विराट कुश्ती दंगल में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। ग्रामीणों और आयोजनकर्ताओं ने उन्हें जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया, जहां पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत हुआ।

दंगल में बेनीवाल ने पहलवानों से मुलाकात की और कुश्ती को भारत की पारंपरिक खेल विरासत का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कुश्ती का इतिहास और संस्कृति जीवित रहती है।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराजा सूरजमल को याद किया और कहा कि उन्होंने सर्व समाज के हितों के लिए संघर्ष किया। उनका त्याग और बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
भजनलाल सरकार पर साधा निशाना
बेनीवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता के काम नहीं हो रहे हैं और मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत की जानकारी नहीं है। उन्होंने सरकार को “पर्ची सरकार” बताते हुए कहा कि यह अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।
जाट समाज के ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाया
सांसद ने भरतपुर और धौलपुर जिले के जाट समाज को केंद्र में ओबीसी आरक्षण दिलाने के लंबित मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि संसद में वे लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और आरक्षण आंदोलन में जनता के साथ खड़े हैं।
अग्निवीर योजना का विरोध, बड़े आंदोलन की चेतावनी
बेनीवाल ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि इस योजना से सेना में जाने वाले युवाओं का मनोबल कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले की तरह नियमित भर्ती प्रक्रिया बहाल होनी चाहिए और आने वाले समय में इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से मिले, समस्याएं सुनीं
दौरे के दौरान बेनीवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।





















