NEXT 3 जून, 2025। राजस्थान सरकार के बजट 2024-25 में की गई घोषणा के तहत बीकानेर सम्भाग का पहला आदर्श आवासीय वेद विद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में खोला जाएगा। यह जानकारी विधायक ताराचंद सारस्वत ने देते हुए बताया कि विद्यालय का संचालन आगामी 1 जुलाई 2025 से अस्थायी भवन में शुरू किया जाएगा।
सरकार की योजना के अनुसार, प्रदेश के प्रत्येक सम्भाग में एक-एक वेद विद्यालय खोला जाना है। बीकानेर सम्भाग के लिए श्रीडूंगरगढ़ को चुना गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
विधायक सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा, “यह निर्णय क्षेत्र के बच्चों के चरित्र निर्माण और भारतीय संस्कृति की जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। विद्यालय में वैदिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा का समावेश भी होगा, ताकि छात्र पूर्ण व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।
क्या है योजना:
- 2024-25 बजट की घोषणा संख्या 64.02.00 के तहत योजना।
- प्रत्येक सम्भाग में एक आदर्श आवासीय वेद विद्यालय।
- श्रीडूंगरगढ़ को बीकानेर सम्भाग का पहला वेद विद्यालय मिला।
- 1 जुलाई 2025 से अस्थायी रूप से संचालन प्रारंभ।
- स्थायी भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।