NEXT 6 फरवरी, 2025। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अभिनव पहल के तहत प्रदेश में ‘पंच गौरव’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत हर जिले की विशिष्ट पहचान को चिह्नित किया गया है। बीकानेर जिले में करणी माता मंदिर को पर्यटन स्थल, बीकानेरी नमकीन को उत्पाद, मोठ को उपज, रोहिड़ा को वनस्पति प्रजाति और तीरंदाजी को खेल के रूप में चयनित किया गया है।
जिला स्तरीय अधिकारियों की बनेगी एक समिति
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय विरासत, पारिस्थितिकी और उत्पादों को संरक्षित और संवर्धित करना है। इसके तहत कृषि, शिल्प, पर्यटन और खेल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न उपाय किए जाएंगे। उद्योग, कृषि, खेल, पर्यटन और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारियों की एक समिति बनाई गई है, जो जिला कलक्टर के नेतृत्व में कार्य करेगी।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी पहचान
‘पंच गौरव’ के तहत संबंधित उपज और वनस्पति प्रजाति के लिए भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जीआई टैगिंग, ब्रांड बिल्डिंग और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिल्म समारोह और अन्य मनोरंजन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। खेलों के विकास के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति, खेल उपकरणों की उपलब्धता और आधारभूत संरचना का उन्नयन किया जाएगा।
रोजगार बढ़ने के साथ बढ़ेगी पहचान
इस योजना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा, बल्कि जिले की विशिष्ट पहचान को भी मजबूती मिलेगी।