NEXT 13 जून, 2025। खाजूवाला क्षेत्र में अंधविश्वास और लालच ने एक बार फिर इंसानी जान ले ली। तंत्र-मंत्र से रुपए दोगुने करने का झांसा देकर एक गिरोह ने करीब 50 लाख रुपए की ठगी की है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो गंभीर रूप से बीमार हैं और एक बीकानेर अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अजमेर निवासी शैतान सिंह नामक ठग अपने पांच-छह साथियों के साथ खाजूवाला पहुंचा। गिरोह ने खुद को तांत्रिक बताते हुए गफार खां नामक व्यक्ति के संपर्क में आकर दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र से पैसों को दोगुना कर सकते हैं।
प्रलोभन देने के लिए शैतान सिंह ने पहले गफार से ₹50,000 लिए और ₹1 लाख बनाकर लौटाए। फिर ₹1 लाख लेकर ₹2 लाख बनाए। जब विश्वास स्थापित हो गया, तब उन्होंने बड़ी रकम लाने को कहा।
ठगी का शिकार हुए तीन लोग
गफार खां, सलमान खां और राजेन्द्र पूनियां ने मिलकर लगभग ₹50 लाख इस गिरोह को सौंप दिए। गुरुवार रात को गफार के घर में कथित ‘तांत्रिक क्रिया’ की गई। इसी दौरान गिरोह ने हलवे में नशीली गोलियां मिलाकर तीनों को बेहोश कर दिया और फरार हो गया।
एक की मौत, दो गंभीर
शुक्रवार सुबह जब तीनों बेहोश पाए गए तो परिजन उन्हें बीकानेर ले गए। रास्ते में गफार खां ने दम तोड़ दिया। सलमान की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि राजेन्द्र पूनियां की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टर भी बने शिकार
सूत्रों के अनुसार, खाजूवाला के एक स्थानीय डॉक्टर ने भी गिरोह को लगभग ₹45 लाख दिए थे, जिन्हें दोगुना करने का झांसा दिया गया था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई है। इलाके में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।