हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई धोक, मांगी मन्नत | भक्ति में डूबा रहा धड़ देवली धाम | विशाल जागरण में गूंजे बिग्गाजी के भजन
NEXT 5 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर स्थित गांव सातलेरा बिग्गा से दो किमी दूर रोही क्षेत्र में स्थित वीर बिग्गाजी महाराज की शौर्यपीठ धड़ देवली धाम पर दो दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने वीर बिग्गाजी महाराज के दर पर माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पुजारी सोहननाथ ने धाम पर अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बने हवन कुंड में घी और खोपरा की आहुतियां देकर पर्यावरण शुद्धि की कामना की। पूरा धाम “जय वीर बिग्गाजी महाराज की” के जयकारों से गूंजता रहा।

दो दिवसीय मेले के दौरान सातलेरा से लेकर तोलियासर तक का पूरा मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह भक्तों की टोलियां और पैदल यात्री संघ दिखाई दिए। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता, भोजन और मेडिकल सुविधा की विशेष व्यवस्था की गई। मेले के अवसर पर धाम परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शनिवार रात्रि को धाम पर आयोजित विशाल भक्ति जागरण में सुप्रसिद्ध भजन गायिका अर्चना देवी ने अपनी सुरीली आवाज में “छम-छम बाजे रे घोड़ी थारा घुंघरा” सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भजन गायक रमेश बांगड़वा ने भी वीर बिग्गाजी महाराज की भक्ति कथाओं और भजनों से माहौल को भक्ति रस में रंग दिया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा धाम गूंजता रहा।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में आसपास के गांवों के ग्रामीण भी पूरी निष्ठा से जुटे रहे। सातलेरा गांव के युवाओं ने पानी, चाय और ठहराव की व्यवस्था को बखूबी संभाला। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान की ओर से महा प्रसादी का भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धाम परिसर में प्रसाद, खिलौने, कृषि औजार, मनिहारी वस्तुएं और पूजा सामग्री की अस्थायी दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल और वीर बिग्गाजी सेवादल के जवान मुस्तैद रहे। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और रातभर गश्ती वाहन निगरानी में लगे रहे। मेले में दूर-दराज से पैदल यात्री संघ भी लगातार पहुंचते रहे। कई श्रद्धालु दंडवत यात्रा के रूप में धाम पहुंचे तो कई वाहन द्वारा पहुंचे।

इसी तरह, रीड़ी स्थित वीर बिग्गाजी महाराज की शीश देवली धाम पर भी दो दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर पुजारी दुलीचंद सारस्वत ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। यहां भी शनिवार रात्रि को आयोजित जागरण में भजनों की अमृतवर्षा हुई और पूरा वातावरण भक्ति में डूब गया।

रविवार शाम को धड़ देवली धाम और शीश देवली धाम दोनों ही स्थानों पर दो दिवसीय मेले का शांतिपूर्वक समापन हुआ। मेला कमेटी और प्रशासन की ओर से व्यवस्था में मुस्तैदी से जुटे सभी स्वयंसेवकों और पुलिस बल का आभार जताया गया।

गौरतलब है कि वीर बिग्गाजी महाराज के धामों पर वर्ष में दो बार चैत्र शुक्ल पक्ष की द्वादशी-त्रयोदशी और आसोज शुक्ल पक्ष की द्वादशी-त्रयोदशी को भव्य मेले का आयोजन होता है। इन अवसरों पर राजस्थान सहित देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पर पहुंचकर वीर बिग्गाजी महाराज के दर पर धोक लगाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

सभी फोटो गौरी शंकर तावनियाँ सातलेरा




















