बीकानेर कलेक्ट्रेट पर धरना, कलेक्टर को सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र
NEXT 22 जुलाई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। शहर और देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट मीटर लगाने, पंचायतीराज चुनाव टालने और जनहित के अन्य मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश गुरावा, नगरपालिका प्रतिपक्ष नेता अंजू पारख, ओबीसी विभाग के अध्यक्ष रमेश प्रजापत, विमल भाटी, रमेश बासनीवाल, श्याम सुंदर दर्जी, गोधूराम ज्याणी, प्रकाश दूसाद और मनोज पारख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए।

नेताओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर से जनता पर बेवजह का बोझ डाला जा रहा है। ये मीटर ना पारदर्शी हैं, ना ही आम आदमी के हित में। इसके साथ ही पंचायत चुनावों को टालना लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।

धरने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मिलकर 6 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
