छात्राओं ने बनाई रंगोली, बांधी राखी; प्राचार्य बिश्नोई ने विद्यार्थियों को स्टेशनरी और संस्कार दोनों दिए
NEXT 8 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सातलेरा में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्राओं ने राजस्थानी लोक कला को रंगों और रचनात्मकता से जीवंत किया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधते हुए पारंपरिक बंधन को निभाया। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में त्योहार की खुशबू और भाई-बहन के प्रेम की मिठास घुली रही।

पर्व के अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य बबीता बिश्नोई ने विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री कॉपी, पेन, पेंसिल आदि अपने निजी स्तर पर वितरित की। इसके साथ ही मिड डे मील में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को खीर, पूड़ी और जलेबी जैसे स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखते ही बन रही थी।

प्राचार्य बिश्नोई ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में चारित्रिक विकास, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि संस्कार और उच्च आदर्शों को अपनाना भी ज़रूरी है। उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की महत्ता बताते हुए बच्चों को पूरे विश्वास और आस्था के साथ सभी त्योहारों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन में विद्यालय स्टाफ सुमन, वंदना, अनुराधा, पूजा, पुष्पा, नूजल काजी, अमरचंद, लल्लूराम मीणा और किशन गोपाल प्रजापत ने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरा सहयोग किया।


