NEXT 7 मई, 2025। बीकानेर शहर के बीचों-बीच स्थित मथुरा मार्केट की एक ज्वेलरी शॉप में बुधवार दोपहर एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि शॉप में रखा सामान उड़कर सड़क तक आ गया। अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर भी घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू जारी है।
अवैध निर्माण से बढ़ा खतरा: शॉप के नीचे दो फ्लोर का बेसमेंट, सुरक्षा के इंतजाम नहीं
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि जिस बिल्डिंग में विस्फोट हुआ, वह अवैध रूप से निर्मित थी। शॉप के नीचे दो मंजिला बेसमेंट है, जिसमें कई छोटी-छोटी ज्वेलरी वर्कशॉप चल रही थीं। वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। एलपीजी सिलेंडर का उपयोग तंग जगह में किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में मजदूर काम करते थे।

मृतकों की पहचान नहीं, फायर ब्रिगेड और NDRF टीम भी तैनात
मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। मौके पर फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम भी पहुंच गई है। मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
इस हादसे ने नगर निगम और प्रशासनिक तंत्र की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है।