NEXT 10 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और बीकानेर से पूर्व सांसद धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने की खबर है। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है। सूत्रों के मुताबिक, अगले 72 घंटे धर्मेंद्र के लिए बेहद अहम बताए जा रहे हैं।
परिवार के सभी सदस्य इस वक्त अस्पताल में मौजूद हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि उनकी बेटियों को अमेरिका से बुलाया गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
हाल ही में आया था नई फिल्म का ट्रेलर
धर्मेंद्र ने पिछले दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘इक्कीस’ का ट्रेलर लॉन्च किया था। लंबे समय से फिल्मों में सक्रिय धर्मेंद्र हमेशा अपनी फिटनेस और जोश के लिए जाने जाते रहे हैं। हालांकि, बीच-बीच में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें झेलनी पड़ी हैं।
बीकानेर से 2004 में बने थे सांसद
वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने धर्मेंद्र को बीकानेर सीट से टिकट दिया था। उस समय कांग्रेस के रामेश्वर डूडी के खिलाफ मैदान में उतरे धर्मेंद्र ने 57 हजार 175 वोटों से जीत दर्ज की थी।
बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों से उन्हें बड़ी बढ़त मिली थी, जिससे उनकी जीत सुनिश्चित हुई। हालांकि, सांसद रहते हुए बीकानेर में कम समय बिताने और मुंबई में व्यस्त रहने को लेकर उनकी आलोचना भी हुई। इसी कारण उन्होंने बाद में राजनीति से दूरी बना ली।
फैंस ने मांगी दुआएं
धर्मेंद्र के स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर के बाद बीकानेर और राजस्थान के फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं।















