गृह मंत्रालय ने जारी की जानकारी, 16 जून को राजपत्र में पब्लिश हो सकता है नोटिफिकेशन
NEXT 4 जून, 2025। केंद्र सरकार ने देश में पहली बार जातीय जनगणना कराने का ऐलान किया है। यह जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहला फेज 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे चार पहाड़ी राज्य शामिल हैं।
राजस्थान सहित देश के बाकी राज्यों में जातीय जनगणना दूसरे फेज में होगी, जो 1 मार्च 2027 से शुरू की जाएगी। गृह मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि इस जनगणना में जातियों की जानकारी के साथ-साथ पारंपरिक जनसंख्या आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।
16 जून को नोटिफिकेशन हो सकता है जारी
गृह मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जातीय जनगणना से जुड़ा अधिकारिक नोटिफिकेशन 16 जून 2025 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद राज्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे जाएंगे।
इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा, ताकि डेटा संग्रहण और विश्लेषण अधिक सटीक हो।
राजस्थान में खास तैयारियां होंगी
राजस्थान, जो जातिगत विविधता के लिहाज से बेहद संवेदनशील राज्य है, वहां इस जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की जिम्मेदारी जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को दी जाएगी।
विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में लोगों को इस जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए जन संवाद अभियान चलाया जा सकता है।
30 अप्रैल को किया था केंद्र ने ऐलान
केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल 2025 को जातीय जनगणना कराने की घोषणा की थी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उस वक्त कहा था कि यह जनगणना मूल जनगणना प्रक्रिया के साथ ही कराई जाएगी। इसका मकसद नीति निर्माण में सामाजिक वर्गों की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित करना है।