सरकारी स्कूलों और मदरसों के छात्रों को मिलेगा लाभ, वितरण दो चरणों में
NEXT 25 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों और मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें देने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों को तथा कक्षा 9 से 12 तक की सभी छात्राओं, अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों और ऐसे छात्रों को, जिनके अभिभावक आयकरदाता नहीं हैं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
दो चरणों में होगा पाठ्यपुस्तक वितरण
पहला चरण: 5 से 25 मार्च 2026
अजमेर, अलवर, बाड़मेर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चूरू, जयपुर (शहर व ग्रामीण), जोधपुर, नागौर और उदयपुर जिलों में इस अवधि में वितरण किया जाएगा।
दूसरा चरण: 10 से 25 मार्च 2026
बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, पाली, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, श्रीगंगानगर, टोंक, प्रतापगढ़, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, डीडवाना-कुचामन, फलोदी, ब्यावर, बालोतरा और सलूम्बर जिलों में किताबें बांटी जाएंगी।
किन कक्षाओं को मिलेंगी नई किताबें?
- कक्षा 1 से 5 और कक्षा 7 के विद्यार्थियों को 100% नई पाठ्यपुस्तकें
- कक्षा 6 और कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को 50% नई और 50% पुनः उपयोग योग्य पुरानी किताबें
- सत्र 2026-27 में नव लागू पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण अनिवार्य
शाला दर्पण पोर्टल पर प्रविष्टि जरूरी
पाठ्यपुस्तकों की प्राप्ति और वितरण की पूरी प्रक्रिया की प्रविष्टि शाला दर्पण पोर्टल के निःशुल्क पाठ्यपुस्तक मॉड्यूल में करना अनिवार्य होगा। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि तय तिथियों पर ही नोडल केंद्रों से किताबें प्राप्त की जाएंगी। देरी होने पर इसे लापरवाही माना जाएगा।



















