NEXT 17 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। विश्व शांति, सामंजस्य और सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस-2.0 के तहत निकाली जा रही नवकार कलश रथ यात्रा का सोमवार शाम श्रीडूंगरगढ़ में भव्य स्वागत किया गया। यह आयोजन 9 अप्रैल को दुनिया के 108 देशों के 6000 से अधिक स्थानों पर एक साथ किया जाएगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप करेंगे।

राजस्थान में जन-जागरूकता के लिए निकाली जा रही इस रथ यात्रा को 1 मार्च को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना किया था। प्रदेशभर में तीन रथों के माध्यम से यह यात्रा नवकार महामंत्र के महत्व का संदेश दे रही है।
सोमवार शाम 6:15 बजे रथ श्रीडूंगरगढ़ के तेरापंथ साध्वी सेवा केंद्र मालू भवन पहुंचा, जहां साध्वी लक्ष्यप्रभा सहित साध्वियों के मंगल पाठ और उद्बोधन के साथ जैन समाज ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम में तेरापंथी सभा मंत्री प्रदीप पुगालिया, तेरापन्थ महिला मंडल, तेरापन्थ युवक परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू, अणुव्रत समिति मंत्री एडवोकेट रणवीर सिंह खीची, प्रियाशी सेठिया, कन्या मंडल, किशोर मंडल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

इसके बाद रथ रैली के रूप में जैन मंदिर पहुंचा, जहां ओसवाल पंचायत भवन के मंत्री कांतिकुमार पुगलिया ने स्वागत किया। साध्वी मंडल के सान्निध्य में नवकार कलश की मंगल वंदना हुई और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा दी गई। रथ यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम के समापन पर JTR दीपक सेठिया ने बताया कि 9 अप्रैल को मालू भवन में सुबह 8:01 से 9:36 बजे तक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इसमें भाग लेने का आह्वान किया।



















