आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत विशेष ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित
NEXT 26 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तम्बाकू की बढ़ती लत और बढ़ते कैंसर के रोगियों के बीच एक राहत देने वाली खबर बीकानेर जिले की हदां ग्राम पंचायत से आई है जो और ग्राम पंचायतों के लिए भी अनुकरणीय है। आयुर्वेद विभाग की ओर से संचालित आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत हदाँ ग्राम पंचायत को टीबी और तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। इसके लिए गुरुवार को ग्राम पंचायत हदाँ में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से हदाँ को टीबी और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना जरूरी: सीएमएचओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी के निर्माण के लिए शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर नियमित स्वास्थ्य गतिविधियों से बच्चों में सही जीवनशैली की समझ विकसित होती है।

टीबी मुक्त अभियान को जन-आंदोलन बनाया जाएगा
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सीएस मोदी ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान को केवल सरकारी योजना तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीबी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भय को दूर करने में युवाओं की रचनात्मक सोच अहम भूमिका निभा सकती है।
डर और भेदभाव को संवाद से ही मिटाया जा सकता है
WHO के कंसल्टेंट डॉ. सुधांश खत्री ने कहा कि टीबी के प्रति डर और सामाजिक भेदभाव को सही जानकारी और संवाद के माध्यम से ही खत्म किया जा सकता है। उन्होंने पोस्टर प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील्स और डिजिटल स्टोरीज़ के जरिए सफल उपचार की कहानियां साझा करने का सुझाव दिया।
विद्यालयों में वीडियो के माध्यम से किया गया जागरूक
ब्लॉक कोलायत टीबी वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लक्ष्मीकांत छंगाणी ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत विद्यालयों में वीडियो के माध्यम से बच्चों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही निश्चय पोषण योजना और डीबीटी योजना के बारे में भी अवगत कराया गया।

18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य, मिलेंगे 11 लाख
हदाँ औषधालय प्रभारी डॉ. दुर्गाप्रसाद मौर्य ने बताया कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य में सुधार करना है। योजना के तहत आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, प्रकृति परीक्षण, तंबाकू मुक्त और टीबी मुक्त सहित कुल 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर कार्य किया जाएगा। सभी सूचकांकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि मिलने पर ग्राम पंचायत को 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

100 से अधिक बच्चों और ग्रामीणों ने लिया संकल्प
रा.उ.मा. विद्यालय और महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय हदाँ के 100 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने टीबी व तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अन्य पंचायतों के लिए बनी प्रेरणा
कार्यक्रम में कोलायत ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील जैन, हदाँ सीएचसी प्रभारी डॉ. भरत ओझा, डॉ. ऐश्वर्या, आयुर्वेद नर्स किरण रेगर, एसटीएलएस राजेश कुमार रंगा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राकेश, लालचंद, योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल तथा आशा दुर्गा देवी व उर्मिला सहित अनेक जनप्रतिनिधि व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



















