NEXT 13 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ़ का वार्षिकोत्सव रविवार सुबह 10:15 बजे संस्कृति सभागार में होगा। समारोह की अध्यक्षता महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित करेंगे। स्थानीय विधायक ताराचंद सारस्वत मुख्य अतिथि रहेंगे।
इस मौके पर “हिन्दी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता : संभावनाएं और चुनौतियां” विषय पर संगोष्ठी होगी। विशिष्ट अतिथि उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा और साहित्यकार डॉ. गजादान चारण होंगे। विषय प्रवर्तन डॉ. उमाकांत गुप्त (बीकानेर) करेंगे।
समारोह में देशभर के साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। जिनमें डॉ. पद्मजा शर्मा (जोधपुर) को साहित्यश्री सम्मान, देवेन्द्र कुमार मिश्रा (जबलपुर) को हिन्दी सृजन पुरस्कार, संगीता सेठी (बीकानेर) को महिला लेखन पुरस्कार, कुमार सुरेश (भोपाल) को साहित्यिक लेखन पुरस्कार, विश्वनाथ तंवर (सरदारशहर) को उपन्यास लेखन पुरस्कार, डॉ. नागेश पाण्डेय (शाहजहांपुर) को बाल साहित्य पुरस्कार, हरीशंकर बाहेती (दिल्ली) को समाज सेवा सम्मान और सुरेश श्रीचंदानी (अजमेर) को शब्दशिल्पी सम्मान।
संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि पुरस्कार विजेताओं को नगद राशि, शॉल और प्रशस्ति-पत्र दिए जाएंगे। देशभर से 100 से अधिक साहित्यकार और शिक्षाविद् भाग लेंगे।