NEXT 10 मार्च, 2025। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में होली का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। बालक, वृद्ध, महिला और पुरुष सभी उल्लास से सराबोर होकर इस पर्व को मना रहे हैं। कस्बे के प्राचीन श्री बाबा रामदेव मंदिर, बिग्गा बास में महिलाओं द्वारा ठाकुर जी के साथ फूलों व गुलाल की होली खेली गई।

मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और भजनों पर नृत्य कर भक्ति रस में डूब गईं। मुख्य पुजारी लीलाधर भार्गव ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष होली महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है, जिसमें महिलाएं विशेष रूप से ठाकुर जी के साथ होली खेलती हैं।

मंदिर प्रांगण में फूलों और अबीर-गुलाल की होली खेली गई, जिससे भक्तिमय वातावरण बन गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर ठाकुर जी के रंग में रंगने का आनंद लिया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
होली महोत्सव के चलते पूरे कस्बे में उत्सव का माहौल है। बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है और हर ओर होली की उमंग देखी जा रही है।