NEXT 12 मई, 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की निवासी शीतल पत्नी मनोज कुमार तापड़िया ने अपने पति और ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, स्त्रीधन हड़पने और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कोर्ट में पेश परिवाद के आधार पर न्यायालय ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
पीड़िता शीतल पुत्री मदनलाल निवासी बिग्गा बास, ने कोर्ट को बताया कि उसका विवाह 4 जून 2014 को मनोज कुमार तापड़िया निवासी बिग्गा बास हाल सूरत से हुआ था। विवाह के समय 118 ग्राम सोने की ज्वैलरी, 150 ग्राम चांदी के बर्तन, 51 हजार रुपये नगद और घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल वालों ने कम दहेज का ताना देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने 5 लाख रुपये नगद और एक कार की मांग की।
शीतल के अनुसार, उसे दो संतान भी हुईं, लेकिन छुछक (संतान होने पर दी जाने वाली रस्म की रकम) में कम रुपये दिए जाने पर फिर से उसे प्रताड़ित किया गया। इस दौरान उसने पहले भी एफआईआर दर्ज करवाई थी, लेकिन बाद में राजीनामा हो गया। इसके बाद वह ससुराल पक्ष के साथ सूरत चली गई, जहां उस पर शारीरिक और मानसिक क्रूरता जारी रही।
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे उसके बिना बच्चों और स्त्रीधन के घर से निकाल दिया। परिवाद में पति मनोज कुमार तापड़िया, ससुर चौथमल, सास सत्यभामा, जेठ प्रदीप, जेठानी रोशनी और जेठ संजय को नामजद किया गया है।