वृद्धजन और विशेष योग्यजन को मिलेंगे जीवन सहायक उपकरण, टीमों को दिए निर्देश
NEXT 18 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। जिला कलक्टर बीकानेर के निर्देशों और ‘दिशा’ समिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों के बाद राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बड़ा एसेसमेंट शिविर 29 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पंचायत समिति सभागार, श्रीडूंगरगढ़ में लगेगा। शिविर में क्षेत्र के पात्र वृद्धजनों और विशेष योग्यजनों का चिह्नीकरण कर उन्हें आवश्यक जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। इनमें श्रवण यंत्र, चश्मा, छड़ी, कृत्रिम दांत, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल आदि शामिल हैं।
ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र तक सर्वे टीमें सक्रिय
उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि ग्राम सेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला सुपरवाइजर, आशा, ANM और साथिनों को ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे का जिम्मा दिया गया है। वहीं नगरपालिका क्षेत्र में भी कार्मिकों व आंगनबाड़ी टीमों को चिह्नीकरण के कार्य में लगाया गया है।
टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे सभी विशेष योग्यजन जो सहायक उपकरणों के पात्र हैं, उन्हें शिविर की तिथि से अवगत करवाकर शिविर में लाने के लिए प्रेरित करें ताकि कोई भी जरूरतमंद वंचित न रह जाए।
विभागों को दिए निर्देश, रोजाना लगाएंगे ड्यूटी
एसडीएम के निजी सहायक राजकुमार बिश्नोई ने बताया कि उपखण्ड प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि तय कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने कार्मिकों की ड्यूटी शिविर स्थल पर सुनिश्चित करें। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी को भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि शिविर समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट संकलित कर जिला समाज कल्याण कार्यालय, बीकानेर को भेजी जाए।





















