गांववासियों ने 8.5 बीघा श्मशान भूमि को समतल कर किया चौधरी चरण सिंह परिवारिकी वानिकी मिशन का आगाज
NEXT 29 जून, 2025 श्रीडूंगरगढ़। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव लोढेरा ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए सामूहिक सहयोग से 1500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया। सार्वजनिक श्मशान की 8.5 बीघा ऊबड़-खाबड़ भूमि को गांववासियों ने ट्रैक्टर और मानवश्रम के माध्यम से 20 दिनों में समतल कर हरियाली की ओर कदम बढ़ाया।

इस अभियान को वर्ष 2027 में मनाई जाने वाली चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती के पूर्व उपलक्ष्य में “चौधरी चरण सिंह परिवारिकी वानिकी मिशन” के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित भूमि संवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में पर्यावरणविद प्रो. श्याम ज्याणी की प्रेरक उपस्थिति रही, जिन्होंने ग्रामीणों को वानिकी के महत्त्व से अवगत करवाया।

पर्यावरण प्रेमी दिनेश कुमार गोदारा ने बताया कि इस पहल में समस्त ग्रामवासियों ने कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी निभाई और मिशन को धरातल पर साकार किया। उन्होंने बताया कि गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भी विशेष कदम उठाए गए हैं जिसके तहत प्रत्येक घर में लोहे की चाय छानने वाली छलनी वितरित की गई और प्लास्टिक छलनी हटाने का आह्वान किया गया, जिसे पूरे गांव ने सहर्ष स्वीकार किया।

यह पहल ग्रामीण एकता, पर्यावरणीय चेतना और भावी पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर का प्रतीक बन गई है।


