वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत लव कुश वाटिका, जल संरचनाओं का निरीक्षण और कार्यक्रम आयोजित
NEXT 11 जून, 2025। बीकानेर वन मंडल में बुधवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरणीय गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस अभियान के तहत बिंझासर गांव में 50 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित वृक्षारोपण की तैयारी की जा रही है। यहां अग्रिम मृदा कार्यों और जल संरक्षण प्रयासों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक उदय शंकर ने बिंझासर गांव पहुंचकर नीम का पौधा रोपित किया और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए वृक्षारोपण में सहभागिता की सराहना की और इसे जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ग्राम्य वन प्रबंधन एवं सुरक्षा समिति की महिला सदस्यों ने पारंपरिक मंगल गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्राप्त हुई।

अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जसवंत सिंह, उप वन संरक्षक डॉ. एस. शरथ बाबू, सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह, श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार कुलदीप मीना तथा संस्थापन अधिकारी चेतन आचार्य के साथ श्रीडूंगरगढ़ नर्सरी और रेंज परिसर का भी निरीक्षण किया। यहां स्थित जल संरक्षण संरचनाओं के डीसिल्टेशन कार्यों को देखा गया और वर्षा जल के संग्रहण हेतु ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, लव कुश वाटिका (जोड़बीड़ व कोलायत) में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां जल संरचनाओं से गाद हटाने, औषधीय पौधों विशेषकर तुलसी का वितरण कर “हर घर हरियाली” का संदेश दिया गया।
