NEXT 15 जुलाई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दुलचासर और सूडसर गांव की रोही में तेंदुए जैसे किसी जंगली जानवर को देखने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। खेतों में काम कर रहे कुछ किसानों ने अचानक एक बड़े आकार के वन्य जीव को देखा, जिसे उन्होंने तेंदुआ समझा और इसकी सूचना तुरंत प्रशासन और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर घटना की जानकारी ली और क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।

मौके से मिले पगमार्क, पंजों के निशान और ग्रामीणों द्वारा मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया गया। जांच के बाद वन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिसे तेंदुआ समझा गया था, वह वास्तव में मरू बिल्ली (Desert Cat) थी। यह बिल्ली राजस्थान के शुष्क और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में पाई जाने वाली एक दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति है। सहायक वन संरक्षक ने बताया कि मरू बिल्ली मुख्य रूप से निशाचर होती है तथा यह चूहे, कीट-पतंगे, छिपकलियां और छोटे पक्षी खाकर अपना आहार पूरा करती है। यह प्राणी स्वभाव से शांत होता है और मानव जीवन के लिए किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और डरने की आवश्यकता नहीं है। मरू बिल्ली जैव विविधता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी जरूरी है। विभाग क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए तैयार है।
तेंदुए की अफवाह से मची हलचल, वन विभाग ने दी स्पष्टता- दिखा वन्य जीव ‘मरू बिल्ली’, देखें वीडियो
https://www.facebook.com/share/v/16YPX2gRcX/