बिजारणियां और ‘रूंख’ करेंगे शिरकत, जयपुर में कविता पाठ और परिचर्चा में निभाएंगे अहम भूमिका
NEXT 5 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गुलाबी नगरी जयपुर में शुक्रवार से शुरू हो रहे साहित्य, कला और संस्कृति के प्रतिष्ठित उत्सव ‘पिंक फेस्ट’ में इस बार लूणकरणसर क्षेत्र की सशक्त साहित्यिक उपस्थिति देखने को मिलेगी। क्षेत्र के चर्चित साहित्यकार राजूराम बिजारणियां और कपूरीसर निवासी डॉ. हरिमोहन सारस्वत ‘रूंख’ को फेस्ट में आमंत्रित किया गया है, जिसे लूणकरणसर के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।
कविता पाठ और साहित्यिक परिचर्चा में सहभागिता
झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित तीन दिवसीय पिंक फेस्ट के दौरान दोनों साहित्यकार ‘पोएट्री सिम्फोजियम’ में अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। इसके साथ ही ‘राजस्थानी भाषा एवं साहित्य: इस पड़ाव पर’ विषयक परिचर्चा में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जिसमें राजस्थानी भाषा की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर विमर्श होगा।
बिजारणियां करेंगे सत्र का संयोजन
फेस्ट के एक महत्वपूर्ण वैचारिक सत्र की अध्यक्षता राजस्थान साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ साहित्यकार वेदव्यास करेंगे। इस सत्र का संयोजन राजूराम बिजारणियां द्वारा किया जाएगा। चर्चा में डॉ. हरिमोहन सारस्वत ‘रूंख’, शारदा कृष्ण और डॉ. मेवाराम गुर्जर जैसे साहित्यकार शामिल होंगे।
8 फरवरी तक चलेगा पिंक फेस्ट
8 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में साहित्यिक विमर्श के साथ कल्चरल परफॉर्मेंस, फिल्म स्क्रीनिंग और आर्ट इंस्टॉलेशन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पिंक फेस्ट साहित्य, कला और संस्कृति का ऐसा मंच बनेगा, जहां लूणकरणसर के रचनाकार अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराएंगे।
















