8 मजदूर जिंदा जले, 1 अब भी फंसा; 25 लोग कर रहे थे काम, शव कंकाल में बदले
NEXT 16 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। खुशखेड़ा-करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर अब भी फैक्ट्री के अंदर फंसा हुआ है। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।

आग सुबह करीब 9:30 बजे लगी। पुलिस को गश्त के दौरान फैक्ट्री से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया। आग इतनी तेज थी कि अंदर फंसे मजदूर बाहर नहीं निकल पाए।
केमिकल के साथ पटाखे बनते थे
एडीएम ने बताया कि फैक्ट्री में केमिकल और पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र बताया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
डेढ़ घंटे बाद पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग के बाद फैक्ट्री के अंदर का मंजर बेहद भयावह था। कई शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल चुके थे।

जांच शुरू, बड़े अफसर मौके पर
घटनास्थल पर तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौजूद हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। भिवाड़ी एसपी और एडीएम भी मौके पर पहुंचने वाले हैं। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल फंसे मजदूर को बाहर निकालने और हादसे के कारणों का पता लगाने पर है।























