NEXT 3 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले अखिल भारतीय साहित्यिक पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। मौलिक साहित्यिक लेखन, समाज सेवा और इतर विषयों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले रचनाकारों एवं व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि भाषा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को ‘श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान’ सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें ‘डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार’, ‘श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार’, ‘श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार’, ‘श्री श्याम सुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य सृजन पुरस्कार’, ‘सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार’ तथा ‘श्री रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान’ शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ‘साहित्यश्री सम्मान’ के अंतर्गत 21 हजार रुपए की नगद राशि दी जाएगी, जबकि अन्य सभी पुरस्कारों के लिए चयनित प्रतिभाओं को 11-11 हजार रुपए, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न और शॉल प्रदान किए जाएंगे। सभी सम्मान 14 सितंबर 2026 को वार्षिकोत्सव समारोह में श्रीडूंगरगढ़ में दिए जाएंगे।
संस्था मंत्री रवि पुरोहित के अनुसार हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कारों के लिए पुस्तकें वर्ष 2021 से 2025 के बीच प्रकाशित होनी चाहिए, जबकि उपन्यास, महिला लेखन, बाल साहित्य एवं अन्य लेखन श्रेणियों के लिए 2019 से 2025 तक प्रकाशित कृतियां मान्य होंगी। ‘साहित्यश्री सम्मान’ के लिए पिछले 20 वर्षों के योगदान का मूल्यांकन किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी ने बताया कि सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार में शिक्षा, पत्रकारिता, चिकित्सा, विधि, कृषि, मोटिवेशन सहित अन्य विषयों की पुस्तकों को भी शामिल किया जाएगा। वहीं समाज सेवा सम्मान के लिए आवेदक को संबंधित व्यक्ति के पिछले 10 वर्षों के कार्यों का प्रमाण सहित विवरण प्रस्तुत करना होगा।
उपाध्यक्ष बजरंग शर्मा ने स्पष्ट किया कि केवल मौलिक लेखन को ही पुरस्कार के लिए मान्य माना जाएगा। शोध, संपादित ग्रंथ, अनुवाद, स्मारिकाएं या साझा संकलन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एक आवेदक एक ही श्रेणी में आवेदन कर सकेगा।
आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपनी पुस्तक की एक प्रति, संक्षिप्त परिचय एवं फोटो सहित 30 जून 2026 तक संस्था के पते पर भेज सकते हैं। प्राप्त कृतियां वापस नहीं की जाएंगी तथा चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा। पुरस्कारों की घोषणा अगस्त माह में की जाएगी।



















