NEXT 14 जुलाई, 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के मोमासर गांव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नई नगर इकाई का गठन किया गया। यह कार्यक्रम गांव के पुस्तकालय केंद्र में आयोजित हुआ, जिसमें खेलो भारत प्रांत सह संयोजक कृष्णा प्रजापत, एबीवीपी जिला संयोजक पुनीत शर्मा और नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जिला संयोजक पुनीत शर्मा ने एबीवीपी के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से शिक्षा, राष्ट्र सेवा और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने संगठन के मूल सिद्धांतों और विद्यार्थियों के हित में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियानों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान रामकरण नायक को मोमासर नगर मंत्री नियुक्त किया गया। वहीं, पलक भाटी और श्रवण प्रजापत को नगर सह मंत्री का दायित्व सौंपा गया। इनके अलावा हरिओम प्रजापत, विनोद सोनी, जयश्री सुथार, प्रियंका मेघवाल, माया मेघवाल, रुकमणि, पूजा शर्मा और पूनम खटीक सहित कई कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गईं।
इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ नगर मंत्री लालचंद गोयल, खेल संयोजक किशन शर्मा, मोहित सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नवगठित कार्यकारिणी आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्रहित, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय विचारों को लेकर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का संचालन करेगी।