NEXT 27 जुलाई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। हरियाली तीज के पावन मौके पर गांव तोलियासर में पर्यावरण प्रेम की मिसाल पेश की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत रविवार को गांव के गोगाणा ताल में सघन पौधारोपण हुआ। गांव के युवाओं ने पेड़ लगाकर मां के प्रति प्रेम और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी जताई।

कार्यक्रम का नेतृत्व रामगोपाल सुथार, अध्यक्ष- विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड एवं संगठन प्रभारी चुरू ने किया। उन्होंने कहा कि “प्रकृति और मां दोनों जीवनदायिनी हैं, पेड़ लगाकर दोनों को सम्मान देने का यह अनूठा तरीका है।”

पौधारोपण कार्यक्रम में गांव के कई युवा उत्साह से शामिल हुए जिनमें विजय सिंह राजपुरोहित, मनोज राजपुरोहित, हेमंत, अशोक सिंह, दुष्यंत सिंह, निर्मल दशरथ सिंह, भरत राजपुरोहित, नवरत्न राजपुरोहित, रौनक सिंह, राजू मेघवाल, अशोक मेघवाल, शेराराम, गोपाल मेघवाल (कालू) आदि शामिल रहे।

युवाओं ने गोगाणा ताल के चारों ओर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर आने वाली पीढ़ियों को हरित भविष्य देने का संकल्प लिया। पौधारोपण के बाद जल संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने पर चर्चा भी हुई।

खास बात
- युवाओं ने खुद की पहल पर गड्ढे खोदे, पानी का इंतजाम किया।
- गोगाणा ताल की परिक्रमा करते हुए पौधारोपण किया गया।
- कई महिलाओं ने भी इस अभियान में भाग लिया।
