NEXT 24 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान में परिवहन विभाग की ओर से स्लीपर बसों पर की गई कार्रवाई के विरोध में निजी बस ऑपरेटर्स ने सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल का असर मंगलवार सुबह से ही दिखने लगा। श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर पर यात्री बसों का इंतजार करते और परेशान होते दिखे।

निजी बस संचालकों का दावा है कि प्रदेश की करीब 35 हजार कॉन्ट्रैक्ट कैरिज, स्टेट कैरिज और लोक परिवहन बसों का संचालन बंद है। इससे रोजाना सफर करने वाले 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेश सहित श्रीडूंगरगढ़ में दिखा असर
प्रदेश भर सहित श्रीडूंगरगढ़ में हड़ताल का असर देखा गया। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर से बाहर जाने के लिए निजी बसें नहीं मिलने से यात्री परेशान भी होते दिख रहे हैं। निजी बसें बंद रहने से रोडवेज बसों में मंगलवार सुबह यात्री भार बढ़ गया।

बातचीत बेनतीजा, चक्का जाम की चेतावनी
ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को सचिवालय में सरकार के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन किसी मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आरसी सस्पेंड की गई बसों की सूची मंगवाई है और मंगलवार को फिर से बातचीत होनी है। शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सहमति नहीं बनी तो बस ऑपरेटर्स सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे।
























