कलेक्टर ने गुरुवार सुबह जारी किया आदेश, गांव में लंबे समय से चल रहा था प्रशासनिक विवाद
NEXT 10 जुलाई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के गांव ठुकरियासर में सरपंच पद पर प्रशासक के रूप में कार्यरत अमराराम गांधी को पद से हटा दिया गया है। जिला कलेक्टर ने गुरुवार सुबह आदेश जारी कर उपसरपंच जमना देवी शर्मा को प्रशासक का कार्यभार सौंप दिया।
गांव में बीते कई महीनों से सरपंच अमराराम गांधी और प्रशासन के बीच लगातार तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। सरपंच पर ग्राम सेवा सहकारी समिति (GSS) से जुड़े विवाद, मूर्ति तोड़ने की घटना और गिरफ्तारी जैसे कई प्रकरणों में आरोप लगे थे।
शिविर में उभरा ग्रामीणों का गुस्सा
बुधवार को आयोजित अंत्योदय शिविर के दौरान भी ग्रामीणों ने प्रशासनिक अव्यवस्था पर खुलकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि पंचायत में विवाद के चलते गांव में कोई विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
राजनीतिक माहौल भी गरमाया
सरपंच के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा हाल ही में प्रदर्शन भी किया गया था। विरोधी खेमे के अनुसार, गांव में लंबे समय से कामकाज ठप पड़ा हुआ है और लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
प्रशासनिक दखल के बाद उम्मीदें
जिला कलेक्टर द्वारा उपसरपंच को प्रशासक का चार्ज दिए जाने के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अब गांव में रुके हुए कार्य फिर से शुरू हो सकेंगे।