NEXT 31 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ में अब चोरों के हौसले इतने बुलन्द हो गए है कि नियमित आवाजाही वाले मार्गों पर देर रात का इंतजार किये बिना चोरी के कुप्रयास करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
आडसर बास के मुख्य मार्ग पर सड़क के मध्य बना वर्षों पुराना लखासर भैरुंजी मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। कल शनिवार रात्रि 10:30 बजे के लगभग इस आम गली में चोरों ने मंदिर के ताले तोड़ चोरी का प्रयास किया। हालांकि चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए जिसे भक्त बाबा भैरवनाथ का चमत्कार ही मान रहे हैं।

पास स्थित घर के जितेंद्र भोजक ने बताया कि शनिवार रात्रि लगभग 10:30 बजे दो चोर मंदिर के आसपास घूम रहे थे। उसमें से एक ने मंदिर का ताला किसी पत्थर से तोड़ा तो जोर से आवाज हुई। उस आवाज से हमने बाहर देखा तो एक चोर दूर खड़ा था और एक चोर मंदिर में दर्शन करने की नौटंकी कर रहा था। ताला तोड़ने वाला चोर तो दूर चला गया और दूसरे चोर ने निज मंदिर में चोरी के इरादे से हाथ डाला परन्तु उसे वहां कुछ नहीं मिला और फिर दोनों भाग खड़े हुए।
जितेंद्र भोजक ने बताया कि जब आसपास के पड़ौसियों ने आकर संभाला तो मंदिर में लगा चांदी का छत्र और चांदी के घुंघरू यथावत पड़े थे। भक्तों का कहना है कि बाबा का ही चमत्कार है कि चोर को ये चांदी के छत्र और घुंघरू दिखाई नहीं दिए और चोरी होने से बच गई। इस घटना के बाद एक ओर भक्तों में श्रद्धा बढ़ गई है तो दूसरी ओर चोरों के बढ़ते हौसले से डर भी बढ़ गया है।





















