गेहूं, ईसबगोल और मैथी की ढेरियां बिखरीं; भीगने से फसल खराब, किसानों में मायूसी
NEXT 3 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में आए तेज अंधड़ और बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में कटाई के बाद रखी गेहूं, ईसबगोल और मैथी की फसल की ढेरियां तेज हवा के कारण दूर-दूर तक उड़कर बिखर गईं। इसके बाद हुई बारिश से फसल भीग गई, जिससे गुणवत्ता खराब होने के साथ आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

किसानों के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान ईसबगोल की फसल में होने की संभावना है, क्योंकि यह फसल नमी के प्रति अत्यंत संवेदनशील होती है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
धीरदेसर चोटियां के किसान सांवरमल सहू ने बताया कि अंधड़ और बारिश के कारण किसानों के चेहरे फीके पड़ गए हैं और चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं सातलेरा के किसान गौरीशंकर तावनिया ने कहा कि इससे किसान मायूस हो गए हैं और उन्हें अपनी मेहनत का उचित फल मिलने की उम्मीद कम होती नजर आ रही है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 को भी बीकानेर सहित श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 7 और 8 अप्रैल को वापिस बारिश और तेज आंधी आने की संभावना बन रही है।






















