NEXT 8 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के तहत 6 से 11 अप्रैल तक जागृति सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ व सेरूणा ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेरूणा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।

कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक कविता हुरकट ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए आरएससीआईटी और लाडो प्रोत्साहन योजना के बारे में विस्तार से बताया।
वन स्टॉप सेंटर-1 की संतोष बारिया ने सखी सेंटर की सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि 181 हेल्पलाइन के जरिए घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को तुरंत सहायता दी जाती है। जरूरतमंद महिलाएं सखी केंद्र पर आकर अपनी समस्या साझा कर सकती हैं।
महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र की प्रतिनिधि सुमन ने बाल विवाह निषेध पर जानकारी देते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर बुरा असर पड़ता है, साथ ही यह कानूनन अपराध है।
सुपरवाइजर किरण जोशी ने माहवारी स्वच्छता पर चर्चा करते हुए छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए बाल विवाह रोकने और स्वच्छता अपनाने का संकल्प दिलाया।





















