राजकीय महाविद्यालय व पारख कन्या कॉलेज में दौड़, शतरंज, कैरम सहित कई प्रतियोगिताएँ
NEXT 29 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस मौके पर राजकीय महाविद्यालय व राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। खेल मैदान में दौड़ से शुरुआत हुई, इसके बाद शतरंज, कैरम और तश्तरी जैसी प्रतियोगिताएँ करवाई गईं।

फिट रहने के लिए खेल जरूरी – प्राचार्य
राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य महावीर नाथ ने कहा कि विद्यार्थी अगर शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना चाहते हैं तो खेलों से लगातार जुड़े रहना होगा। उन्होंने खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं का संचालन खेल प्रभारी दलीप सिंह सेरङिया ने किया। इस दौरान अमित तंवर, राजश्री स्वामी, शुभनंदिनी सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय में भी खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रभारी जितेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि हर साल 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध खेल परंपरा को सम्मान देना और युवाओं को फिटनेस व खेलों से जोड़ना है।

छात्राओं ने इस अवसर पर खेलों के महत्व पर अपने विचार रखे और व्यायाम व खेलकूद से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। कॉलेज स्टाफ ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
तीन दिन तक चलेंगी गतिविधियाँ
भारत सरकार के फिट इंडिया मिशन के तहत 29 से 31 अगस्त तक महाविद्यालय में अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
