NEXT 15 अगस्त, 2025 श्रीडूंगरगढ़। स्वतंत्रता दिवस के दिन श्रीडूंगरगढ़ ने अपने वीर सपूत, 23 वर्षीय शहीद जवान राकेश जाखड़ को अंतिम विदाई दी। तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह जब आर्मी जवानों के कंधों पर सवार होकर पुराना बस स्टैंड से घुमचक्कर तक पहुंची तो जवान के सम्मान में गगनभेदी नारे गूंज उठे। सेना की टुकड़ी के साथ स्थानीय लोग कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। हर कदम पर नारों की गूंज ने माहौल को गर्व और आंसुओं से भर दिया।

गली-गली उमड़े लोग, छतों पर भी भीड़
अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। गलियां लोगों से भर गईं, आस-पास की इमारतों की छतों पर भी लोग खड़े थे। हर कोई एक जवान की झलक पाने और अंतिम नमन करने के लिए आतुर था। व्यापारी और सैकड़ों युवा तिरंगे के साथ शामिल हुए।
भावुक हुए लोग, छलके आंसू
यात्रा में शामिल कई लोग भावुक हो गए। आंखों में आंसू और रुंधे गले के साथ सभी ने अपने वीर सपूत को विदाई दी। पुष्पचक्र अर्पित करते समय लोगों की आंखें नम हो गईं।

नेताओं और अफसरों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम यात्रा में भाजपा, कांग्रेस और सीपीएम के शीर्ष नेता पहुंचे। विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विमल भाटी, विवेक माचरा, केसराराम गोदारा सहित पार्षद और पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय प्रशासन से तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी, नायब तहसीलदार सरजीत कुमार धायल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। किसान सभा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित किए।