NEXT 17 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ युवक परिषद ने बुधवार को मानव सेवा का नया कीर्तिमान रचते हुए एक दिन में 668 यूनिट रक्तदान करवाया। खास बात यह रही कि परिषद ने पहली बार एक साथ तीन स्थानों श्रीडूंगरगढ़, मोमासर और तोलियासर में शिविर आयोजित कर समाजसेवा का परचम लहराया।

सुबह 8:30 बजे श्रीडूंगरगढ़ के तेरापंथ भवन ऊपारलो में हुए भव्य लोकार्पण समारोह का उद्घाटन विधायक ताराचंद सारस्वत और श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने किया। इस दौरान सीओ निकेत पारीक, सीआई जितेंद्र स्वामी और हनुमानमल श्यामसुखा भी मौजूद रहे।

रक्तदान आंकड़े
- श्रीडूंगरगढ़ : 525 यूनिट
- मोमासर : 84 यूनिट
- तोलियासर : 59 यूनिट

शिविर संयोजक ईश्वर चोरड़िया ने बताया कि तीनों स्थानों पर युवाओं के साथ महिलाओं ने भी बढ़चढ़कर रक्तदान किया। परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सभी समाजों, महिला मंडल, किशोर मंडल और कन्या मंडल के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मोमासर शिविर में उत्साह
मोमासर सीएचसी में आयोजित शिविर में विधायक ताराचंद सारस्वत पहुंचे और रक्तवीरों का हौसला बढ़ाया। प्रशासक सरिता देवी संचेती व उपप्रशासक जुगराज संचेती भी मौजूद रहे। यहां डॉ. बीरमा और डॉ. मनीष जयपाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय मेडिकल टीम ने रक्त संग्रहण किया।

तोलियासर में उमड़ा जनसैलाब
तोलियासर में भी युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और महिलाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।

एसडीएम शुभम शर्मा ने भी रक्तदान कर लोगों से इस पुनीत कार्य से जुड़ने का आह्वान किया। परिषद के मीडिया प्रभारी चमन श्रीमाल ने बताया कि दिनभर परिषद के कार्यकर्ता तन-मन से सक्रिय रहे और स्वयंसेवी संगठनों ने भी जिम्मेदारी निभाई।
तेयुप ने इस आयोजन से एक नया कीर्तिमान कायम किया और समाज को संदेश दिया कि “रक्तदान महादान है।”





















