NEXT 24 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। ट्रॉमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 406वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति से जुड़े सदस्य सरकार और प्रशासन से ट्रॉमा सेंटर निर्माण की स्वीकृति और जल्द कार्यारंभ की मांग को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं।

राजेंद्र प्रसाद स्वामी ने बताया कि धरने पर आज मदन लाल प्रजापत, रामकिशन गावड़िया, प्रकाश गांधी, मालाराम कुलड़िया, राजू गुसाईं, तोलाराम भुंवाल, आदुराम बाना, शेर सिंह राजपूत और शंकर लाल सूडसर सहित कई लोग मौजूद रहे। समिति सदस्यों का कहना है कि श्रीडूंगरगढ़ सहित क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों और आपातकालीन हालात में समय पर उपचार न मिलने से कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना अब समय की जरूरत बन चुकी है।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट कहा है कि जब तक ठोस निर्णय और कार्यवाही नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सदस्यों ने बताया कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
धरने पर मौजूद सदस्यों ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या समूह का नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा मुद्दा है और इसी कारण लोगों का समर्थन लगातार मिल रहा है।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रॉमा सेंटर निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




















