NEXT 23 अप्रैल, 2025। 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत खो-खो (19 वर्षीय वर्ग) में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लखासर की तीन छात्राओं का राजस्थान राज्य टीम में चयन हुआ है। ये बालिकाएं अब नेशनल प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रतिभाशाली खिलाड़ी निरमा खिलेरी पुत्री रामलाल, पूजा देवड़ा पुत्री राजूसिंह और गायत्री खिलेरी पुत्री बीरबलराम ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के व्याख्याता इंद्राज खिलेरी ने बताया कि तीनों बालिकाएं 23 अप्रैल से महंत रूपनाथ राजकीय विद्यालय, गोगामेड़ी (नोहर) में जारी पूर्व प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं।
पूरी टीम का चयन कर लिया गया है और यह टीम 28 अप्रैल को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 5 मई तक आयोजित होगी।
विद्यालय के प्राचार्य अन्नाराम ने छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें नेशनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने तीनों छात्राओं के परिजनों को मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर उनका उत्साहवर्धन किया।