NEXT 11 मार्च, 2025। राजस्थान हाईकोर्ट और प्रदेश की सभी अधीनस्थ न्यायालयों के समय में ग्रीष्मकाल (15 अप्रैल से 27 जून) के लिए बदलाव किया गया है। राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर के रजिस्ट्रार (प्रशासन) शैलेंद्र व्यास ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी की।
हाईकोर्ट का नया समय
ग्रीष्मकालीन अवधि में राजस्थान हाईकोर्ट का न्यायालय समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। इस दौरान लंच ब्रेक 10:30 से 11:00 बजे तक होगा। हाईकोर्ट कार्यालय का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें लंच ब्रेक 10:30 से 10:45 बजे तक रहेगा।
अधीनस्थ न्यायालयों का समय
प्रदेश की अधीनस्थ (लोअर) अदालतों में न्यायालयीन कार्य सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होंगे। इन न्यायालयों के कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगे, जिसमें लंच ब्रेक सुबह 10:00 से 10:15 बजे तक रहेगा।
पीठासीन अधिकारियों का समय
अधीनस्थ न्यायालयों के पीठासीन अधिकारी सुबह 7:30 से 8:00 बजे और दोपहर 12:30 से 1:00 बजे तक अपने चैंबर्स में कार्य करेंगे।
यह नया समय 15 अप्रैल से लागू होकर 27 जून तक प्रभावी रहेगा।