NEXT 25 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांसवाड़ा से वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। जैसे ही दोपहर 4:17 बजे ट्रेन बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ स्टेशन पहुंची, माहौल उत्सव में बदल गया।

सैंकड़ों की संख्या में लोग स्टेशन पर उमड़ पड़े। बच्चों और युवाओं में ट्रेन के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। लोग एक-दूसरे को पीछे छोड़ते हुए फोटो क्लिक करवाते नजर आए। स्टेशन पर वंदे भारत देखने वालों की भीड़ से मेले जैसा माहौल बन गया।

विधायक सारस्वत बोले- ऐतिहासिक दिन
स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि “आज का दिन श्रीडूंगरगढ़ की जनता के लिए ऐतिहासिक है। वंदे भारत ट्रेन से विद्यार्थी, व्यापारी और आमजन को तेज और आरामदायक यात्रा मिलेगी। इससे शिक्षा और व्यापार को नई गति मिलेगी।”
उन्होंने इस तोहफे के लिए पीएम मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार जताया।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी, भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष रेखा भादानी, महामंत्री मदन सोनी, लीलाधर बोथरा, सुमेरमल सिंघी, तुलसीराम चौरड़िया, महावीर माली, महेश राजोतिया, मूलचंद इंदौरिया, भवानी प्रकाश तावनिया समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।



























