NEXT 6 जून, 2025। गर्मी के इस भीषण मौसम में यात्रियों को राहत देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन परिसर में सभार समर्पण नोखा द्वारा भेंट किए गए आधुनिक वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया।

इस जनकल्याणकारी पहल की प्रेरणा समाजसेवी अशोक लखोटिया की रही। इस सेवा का संचालन अब आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति द्वारा किया जाएगा, जो लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करती आ रही है।
लोकार्पण समारोह में स्टेशन मास्टर नाथूराम, सेवा समिति अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित, मनोज डागा, रामप्रताप सारस्वत, भीखाराम सुथार, प्रकाश प्रजापत, दुर्गेश नाई, राज सुथार, प्रवीण पालीवाल व मदन सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा समिति के अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि “जनसेवा ही संस्था का मूल उद्देश्य है और आगे भी इस तरह की सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी।” इस अवसर पर मनोज डागा ने सभार समर्पण नोखा का आभार जताया। वहीं स्टेशन मास्टर नाथूराम ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।