NEXT 28 मई, 2025। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से बुधवार को नेहरू पार्क में ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम “सिंदूर यात्रा: ऑपरेशन सिंदूर के साथ नारी शक्ति” आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देशभर में चल रहे विजय उत्सव के तहत हुआ।

मण्डल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी ने बताया कि महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष रेखा भादानी के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति ने नेहरू पार्क पहुंचकर देश के जवानों के पराक्रम को नमन किया। कार्यक्रम में सरला सारस्वत, उर्मिला सिखवाल, लीला सोमाणी, कांता सोमाणी, भंवरी देवी, कुसुम भादाणी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में तिरंगा लहराया गया, देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की अद्वितीय रणनीति और साहस का प्रतीक है। यह विजय हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है।
इस मौके पर मातृशक्ति ने मोदी सरकार के दृढ़ नेतृत्व की सराहना की और सेना के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन के अंत में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल गूंज उठा।