नाथद्वारा में पाटोत्सव के अवसर पर चेतन स्वामी व रवि पुरोहित को मिला साहित्य सम्मान
NEXT 9 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। साहित्यिक गतिविधियों के लिए प्रख्यात साहित्य मंडल, नाथद्वारा की ओर से श्रीनाथजी के पाटोत्सव के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) के साहित्यकारों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान किया गया। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ के साहित्यकार रवि पुरोहित को डॉ. के. आर. कल्याण रामन राष्ट्रीय सम्मान तथा डॉ. चेतन स्वामी को ब्रज कांत साहित्य सम्मान से नवाजा गया।

श्री भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में आयोजित इस समारोह के नवम सत्र में साहित्य मंडल, नाथद्वारा के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा ने बताया कि वर्ष 2026 का डॉ. के. आर. कल्याण रामन राष्ट्रीय सम्मान रवि पुरोहित को उनकी सामाजिक, साहित्यिक, शोधात्मक एवं सम्पादकीय क्षेत्र में दी गई विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें ‘साहित्य विभूषण’ की मानद उपाधि से भी अलंकृत किया गया।

उन्होंने बताया कि रवि पुरोहित वर्ष 2017-18 में इंटरनेशनल पोइटिक प्रोजेक्ट, पोलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और इससे पूर्व भी देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।

अन्य साहित्यकार भी सम्मानित
कार्यक्रम में अन्य साहित्यकारों को भी स्मृति एवं साहित्यिक सम्मानों से सम्मानित किया गया।
एम. श्रीधर (तमिलनाडु) को कमलादेवी अग्निहोत्री स्मृति सम्मान,
रमेश पंडित (आगरा) को पं. विश्वम्भर दयाल दौनेरिया सम्मान तथा
विश्वनाथ तंवर (सरदारशहर) को श्रीमती शारदा देवी स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।

नए शिक्षा साहित्य सम्मान की घोषणा
इस अवसर पर रवि पुरोहित ने अपने शिक्षाविद्-साहित्यकार पितामह पं. भीष्मदेव राजपुरोहित की स्मृति में साहित्य मंडल, नाथद्वारा के माध्यम से ‘पं. भीष्मदेव राजपुरोहित स्मृति शिक्षा साहित्य सम्मान’ शुरू करने की घोषणा की, जिसे साहित्य जगत में सराहना मिली।

















