NEXT 9 जुलाई, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बारिश की आस में आसमान निहारते किसानों और आमजन की उम्मीद अब देवताओं से जुड़ गई है। क्षेत्र में मानसून की कमी से परेशान लोगों ने अब धार्मिक अनुष्ठानों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को जीव दया गौशाला में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर यज्ञ किया गया।

इस यज्ञ में पंडित देवकिशन छंगाणी व उनकी वेदपाठी टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण और इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए यह आयोजन किया गया।

गौशाला अध्यक्ष ओमप्रकाश राठी और मंत्री शिवरतन सोमाणी ने अपनी पत्नियों के साथ यजमान के रूप में भाग लिया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष नथमल सोनी, शिवभगवान मालपाणी, रामावतार मूंधड़ा, तुलसीराम चौरड़िया, भँवरलाल दुगड़, ओमप्रकाश छंगाणी, संतोष कुमार सोनी, विनोद राठी, शिवरतन बिहाणी, आसकरण बाहेती, नोरंगलाल प्रजापत, संतकुमार मोहता, जगदीश स्वामी, सुरेश सोमाणी और रजत आसोपा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
तुलसीराम चौरड़िया ने बताया कि “गौशाला में यह यज्ञ विशेष रूप से वर्षा के लिए किया गया। लगातार बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं, हम सबने मिलकर ईश्वर से अच्छी बारिश की प्रार्थना की है।”
गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अब तक मानसून की कमजोर सक्रियता बनी हुई है, जबकि आसपास के क्षेत्र में बारिश की अच्छी खबरें मिल चुकी हैं। ऐसे में लोगों को अब आसमान से नहीं, आस्था से उम्मीद है।