सामान्य वर्ग की सीट पर होगा चुनाव, 16 तक नामांकन; 17 को जांच और 18 को नाम वापसी
NEXT 15 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव के परिणाम के बाद अब पालिकाध्यक्ष के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। निर्वाचन विभाग ने श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष पद के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अध्यक्ष पद सामान्य रखा गया है। चुनाव लड़ने की स्थिति में 21 सितंबर को निर्वाचित पार्षद पालिकाध्यक्ष चुनने के लिए मतदान करेंगे।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल की ओर से जारी लोक सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 15 और 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ के कार्यालय स्थित सभा भवन में रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा होंगे।
17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद प्रत्याशी 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे से पहले अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। यदि चुनाव में मुकाबला होता है तो 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगरपालिका में निर्वाचित सदस्यों की बैठक के दौरान मतदान कराया जाएगा।
पालिका चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद अब अध्यक्ष पद का चुनाव खासा रोचक हो गया है। भाजपा, कांग्रेस और विकास मंच सहित अन्य राजनीतिक समीकरणों की नजर अब पालिकाध्यक्ष की कुर्सी पर टिक गई है। पार्षदों के समर्थन को लेकर जोड़-तोड़ और बैठकों का दौर भी तेज होने की संभावना है।






























