NEXT 22 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। मोमासर बास श्रीडूंगरगढ़ में पड़ोसी विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीटर वाल्मीकि ने अदालत में परिवाद दायर कर अपने पड़ोसी अर्जुन वाल्मीकि व उसकी पत्नी पर मारपीट, धमकी और संपत्ति पर कब्जे की नीयत से गैलरी में घुसकर एसी के आउटडोर यूनिट को तोड़ने का आरोप लगाया है।
परिवादी पीटर ने बताया कि उसका घर मोमासर बास में स्थित है और मकान के पीछे करीब 4 फीट की गैलरी हवा और रोशनी के लिए छोड़ी हुई है। इस गैलरी में दो साल से उनके एसी का आउटडोर लगा हुआ है।
पीटर के अनुसार, 31 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी अर्जुन और उसकी पत्नी पूजा गैलरी में घुस आए और लाठियों से एसी का आउटडोर तोड़ने लगे। शोर सुनकर जब पीटर और उसकी पत्नी बाहर आए तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली गलौज की और धक्का मुक्की करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीटर का कहना है कि आरोपी गैलरी की जमीन पर कब्जा जताते हुए बोले कि “यह जगह हमारी है, इसे हम अपने घर में मिलाकर रहेंगे।” इसी दौरान उन्होंने पत्थर फेंककर धमकाते हुए कहा कि अगर इस जगह पर कदम रखा तो हाथ-पैर तोड़ देंगे।
घटना के दौरान हंगामा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठे हो गए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वापस अपने घर चले गए।
















