विधायक ताराचंद सारस्वत बोले– अब किसानों को मिलेंगे सही दाम, नहीं होगी भटकन
NEXT 24 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने ग्राम सेवा सहकारी समिति (केवीएसएस) सांवतसर में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद केंद्र का शुभारंभ किया।

इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा।
सरकार किसानों के साथ : विधायक सारस्वत
उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक सारस्वत ने कहा कि-
“किसानों को उनकी मेहनत की सही कीमत मिले, यही सरकार की प्राथमिकता है। खरीद केंद्र खुलने से किसानों को राहत मिलेगी और मूंगफली बिक्री में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।”

विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और सहकारिता मंत्री गौतम दक का धन्यवाद जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के लिए कई फैसले ले चुकी है और आने वाले समय में कृषि क्षेत्र में और महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे।

केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसान उत्साहित नजर आए। किसानों ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीद से उनकी लागत का लाभ सुनिश्चित होगा।
कई जनप्रतिनिधि और किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम में रामनिवास, पूर्व सरपंच संतोष, शुभकरण बिश्नोई, शंकरलाल सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




















