राजफेड की खरीद शुरू, फर्मों के दस्तावेजों का प्रमाणीकरण अटका
NEXT 24 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। जिले में मूंगफली और मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद के बीच बड़ा फैसला लेते हुए श्रीडूंगरगढ़ और बीकानेर खरीद केन्द्रों पर हैंडलिंग और परिवहन कार्य से जुड़े टेंडर निरस्त कर दिए गए हैं। सोमवार को सहकार भवन में हुई निविदा कमेटी की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
उप रजिस्ट्रार सहकारिता डॉ. कैलाश चंद सैनी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में निकाले गए टेंडरों के लिए फर्मों के दस्तावेजों का प्रमाणीकरण अभी तक पूरा नहीं हो पाया। इस बीच सोमवार से ही राजफेड द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू कर दी गई, ऐसे में देरी को देखते हुए टेंडर रद्द करने पड़े।
उन्होंने बताया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर समितियों के ही स्तर से हैंडलिंग व ट्रांसपोर्टेशन का कार्य करवाया जाएगा। साथ ही आगे के निर्देशों के लिए राजफेड, जयपुर को पत्र भेजा गया है।
विदित है कि निविदा कमेटी में डिप्टी रजिस्ट्रार सहकारिता, जिला कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में कोषाधिकारी, राजफेड क्षेत्रीय अधिकारी, एनसीसीएफ प्रतिनिधि एवं समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शामिल होते हैं।




















