सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस, आडसर बास का रहने वाला आरोपी हवालात में
NEXT 26 नवम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। आधी रात बाद गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को एमडी बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना रविवार देर रात करीब 1.30 बजे हेमासर फांटा के पास की है।
एसआई राजेंद्र कुमार अपनी टीम कांस्टेबल अनील मील, वेदप्रकाश, महेश कुमार और ड्राइवर राकेश कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस दल को देखकर एक युवक संदिग्ध हालात में भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी में युवक के पास से 4.55 ग्राम एमडी की पुड़िया और 18,300 रुपए नगद बरामद हुए। जब्त की गई एमडी की बाजार कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।
एसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान आडसर बास निवासी 29 वर्षीय आशीष बोहरा उर्फ रामाराम पुत्र कृष्ण कुमार बोहरा के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेकर हवालात में बंद किया गया है।
पुलिस अब उसकी सप्लाई चेन, खरीद के स्रोत और ग्राहकों की जानकारी जुटा रही है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सेरूणा थानाधिकारी को सौंप दी गई है।




















