मीटर और उपकरण फुंके, गांव में मची अफरा-तफरी; जर्जर विद्युत व्यवस्था पर ग्रामीणों में रोष
NEXT 3 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के सातलेरा गांव में शुक्रवार को आए तेज अंधड़ और बारिश के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य विद्युत सप्लाई के तार टूट गए। तारों के क्षतिग्रस्त होते ही गांव के कई विद्युत पोलों में करंट दौड़ने लगा, जिससे हालात बेहद खतरनाक हो गए।

करंट फैलने के कारण कई घरों के बिजली मीटर जल गए और घरेलू विद्युत उपकरण भी खराब हो गए। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए।
इस बीच गांव के सतर्क युवाओं ने तुरंत स्थिति को समझते हुए विद्युत विभाग को सूचना दी और समय रहते बिजली सप्लाई बंद करवाई। युवाओं की तत्परता से एक बड़ी जनहानि होने से बच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पुराने और जर्जर विद्युत पोल व वितरण उपकरण लगे हुए हैं, जिनकी अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही चेतने का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने कहा कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसने गांव की विद्युत व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है।






















